धाना तेजा में शनिवार को शराब एवं बीयर की दुकानें महिलाओं के निशाने पर रहीं। एकत्रित महिलाओं ने शराब की दुकान में सेल्समैन को बंदकर शटर गिरा दिया, वहीं बीयर की दुकान बीयर की बोतलें निकालकर तोड़ डालीं और उनके कार्टन को आग के हवाले कर दिया। रिफाइनरी पुलिस ने दुकानें बंद कराईं तब हंगामा शांत हुआ।
नेशनल हाईवे पर प्रतिबंध के चलते 500 मीटर हटकर गांव धाना तेजा में शराब एवं बीयर की दुकानें एक माह पहले स्थानांतरित हुई थी। यहां की महिलाओं में शराब की दुकानों को लेकर काफी आक्रोश था। ये आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। एकत्रित महिलाओं ने जमकर हंगामा काटते हुए बीयर की दुकान में रखी बीयर की बोतलों को सड़क पर तोड़ना शुरू कर दिया। बीयर के कार्टन में सड़क पर आग लगा दी।
करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा होता रहा। महिलाएं शराब की दुकानें बंद करने की आवाज बुलंद कर रही थीं। उनका कहना था कि शराब के चलते आए दिन परिवारों में झगड़े हो रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित महिलाओं को समझाया-बुझाया लेकिन वो कुछ भी सुनने के लिए तैयार नहीं थीं। कुछ देर बाद पुलिस ने शराब की दुकान को बंद करा दीं तो हंगामा शांत हुआ। तोड़फोड़ के मामले में बीयर के सेल्समैन हाथरस निवासी बबलू ने थाना रिफाइनरी में तहरीर दी है।
शहर से शुरू विरोध गांव में आ पहुंचा
शहर के कर्मयोगी नगर और महोली रोड पर शराब की दुकानों पर हुए बवाल के बाद अब विरोध का रुख गांव की ओर हो गया है। इन दोनों स्थानों पर भी महिलाओं ने आगे आकर शराब की दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। लगातार हो रहा शराब की दुकानों का विरोध किसी बड़े बवाल की तरफ इशारा कर रहा है। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन कतई भी गंभीर नहीं दिख रहा है।