तीन युवकों से मारपीट के मामले में दो साल बाद थाना राया के तत्कालीन थाना प्रभारी सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
14 मई, 2014 को कसबा राया व्यापारी मोहल्ला निवासी फिरोज कुरैशी अपने साथी चांद के साथ मोटर साइकिल पर मांट रोड स्थित ईदगाह से अपने घर जा रहे था। रास्ते में दो सिपाहियों ने वाहन चेकिंग के नाम पर रोक लिया। इसी दौरान विवाद में पुलिसकर्मियों ने उनसे मारपीट कर दी।
तत्कालीन थाना प्रभारी राजा सिंह भी मौके पर आ गए और फिरोज, चांद को थाने ले गए। यहां हवालात में बंद कर दिया। जानकारी होने पर थाने आए उनके परिवारीजन अल्ताफ कुरैशी के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उनसे गांव खरवा निवासी लक्ष्मन नेे भी मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ितों ने शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की। अब दो साल बाद थाना प्रभारी राजा सिंह और लक्ष्मन सिंह निवासी खरवा सहित चार के खिलाफ थाना राया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मकान से लाखों का माल चोरी
गांव धहोदरपुर में शनिवार की रात चोर मकान से लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। ये मकान सुखवीर सिंह का है। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी का ताला तोड़कर सोने की चूड़ी, अंगूठी, पेंडल, मंगलसूत्र 10 हजार रुपये और अन्य सामान ले गए।
परिवारीजनों का कहना है कि उनको बेहोश किया गया था। क्योंकि खटपट के बाद भी उनकी आंख नहीं खुली। मामले में रविवार की देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
आरसीसी सड़क का किया शुभारंभ
गांव नगला हर गोविन्द ने आरसीसी सड़क का मुकेश प्रधान ने शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पंचायत निधि से इस कार्यकाल में यह प्रथम कार्य है। हर कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर पूरन सिंह, प्रताप सिंह, राजवीर सिंह, राकेश कुमार, राजू प्रधान, डोरी सिंह महाश्य, छोटे लाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।