घीयामंडी में फैले तनाव के 24 घंटे के भीतर ही जिले में फिर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई। ऐसा रविवार को कस्बा सौंख में एक समुदाय के युवक द्वारा दूसरे समुदाय की किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की खबर फैलने के बाद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
थाना मगोर्रा क्षेत्र के कस्बा सौंख में एक युवक द्वारा किशोरी को बहला फुसला कर ले जाने की बात सामने आई। किशोरी और युवक अलग-अलग समुदाय के होने के कारण कस्बा में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सौंख कस्बा की मुस्लिम मंडी निवासी नईम उर्फ सुद्दी (20) के खिलाफ शनिवार को शाम चार बजे किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
स्थिति नियंत्रण के लिए सीओ सदर राजेश सोनकर और एसओ मगोर्रा दिन भर कस्बा में चहलकदमी करते रहे। आरोपी के घर और आसपास क्षेत्र में फोर्स तैनात रही। एसपी ट्रैफिक आशुतोष द्विवेदी ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश में दो टीम बनाकर दबिश दी हैं। उसके दो सहयोगी युवकों को हिरासत में भी लिया है। युवक के परिवारीजन मकान बंद कर चले गए हैं। तनाव के चलते कस्बा में बाजार बंद रहा।
घीयामंडी शांति, आरोपी भेजा जेल
कोतवाली क्षेत्र के घीयामंडी इलाके में शनिवार को आयुर्वेदिक दवा की दुकान करने वाले विशन के बेटे सोनू से मारपीट करने के आरोपी अकील निवासी खारीकुंआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में खासा तनाव होने के चलते रविवार को भरतपुर गेट और गोविंद नगर पुलिस गश्त करती रही। इलाके में शांति बनी हुई है। आरोपी के खिलाफ विशनचंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सौंख में किशोरी को बहला-फुसला कर ले जाने के आरोपी की तलाश में दो टीम दबिश दे रही हैं। इलाके में शांति है। अधिकारी मौके पर नजर रखे हुए हैं। घीयामंडी में शांति है। आरोपी जेल भेज दिया है।
मंजिल सैनी
एसएसपी