बलदेव के नगला संजा में सीएमओ की गाड़ी का घेराव करने और जबरन झोलाछाप की सील दुकान की चाबी छीनने के मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
बता दें कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सज्जन कुमार बुधवार शाम को बलदेव के नगला संजा से गुजर रहे थे। उन्होंने यहां चिकित्सा कार्य कर रहे हरेंद्र से चिकित्सा सबंधी प्रमाण पत्र मांगे। इस पर हरेंद्र सिंह दुकान से भाग खड़ा हुआ।
सीएमओ ने सात दिन के अल्टीमेटम के साथ नोटिस दिया और दुकान सील कर दी। इसके बाद वे अपनी गाड़ी से निकले तो आगे गांव के लोगों ने उनकी कार रोक ली। काफी देर कहासुनी के बाद लोगों ने सीएमओ से झोलाछाप की सील दुकान की चाबी छीन ली।
मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सज्जन कुमार ने गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. राकेश सिंह से मुलाकात कर झोलाछाप हरेंद्र सहित अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। इस पर एसएसपी ने बलदेव पुलिस को मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर नगला संजा मामले की तहरीर दे दी है। एसएसपी ने एसओ बलदेव को जांच के आदेश दिए हैं। झोलाछापों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डा. सज्जन कुमार
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मथुरा