रिफाइनरी की पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले तेल माफिया के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
- फोटो : अमर उजाला
रिफाइनरी की पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले तेल माफिया के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सोमवार को इसमें शामिल आगरा के एक पेट्रोल पंप स्वामी, ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आगरा निवासी एक और पेट्रोल पंप मालिक सहित 14 लोग अभी फरार हैं। इस नेटवर्क से ग्राम प्रधान, पुलिसकर्मी और पेट्रोल पंप व्यवसायी जुड़े हुए हैं। रिफाइनरी से जुड़े कुछ लोगों के भी इस नेटवर्क में शामिल होने की संभावना है, जिसकी जांच की जा रही है। चोरी किए गए तेल को आगरा, भरतपुर (राजस्थान), दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों बेचा जाता था। इसके अलावा वेस्ट यूपी सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी इनका जाल फैला हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में थाना राया क्षेत्र के गांव भंकरपुर बसैला का प्रधान राम हरि चौधरी, इसी गांव का रवि चौधरी और खंदारी रोड आगरा निवासी तरविंदर जीत सिंह उर्फ मिन्नी है। मिन्नी के आगरा में दो पेट्रोल पंप हैं। फरार आरोपियों में आगरा का एक और पेट्रोल पंप मालिक मनोज गोयल भी शामिल है। उसके आगरा में सात पेट्रोल पंप हैं और फिरोजाबाद के जीडी गोयंका स्कूल की फ्रेंचाइजी भी उसके पास है। प्रधान राम हरी चौधरी ने पांच साल पूर्व दिल्ली के उत्तमनगर इलाके में भी पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी कराई थी। अट्ठारह महीने में ये लोग करीब 100 करोड़ रुपये का तेल मथुरा से चोरी कर चुके हैं। एक दिन में दस-दस टैंकर तेल पाइप लाइन से निकाला गया। रातों को टैंकर निकलते हैं और पुलिस कहीं भी इन्हें चेक नहीं करती थी। आगरा के साथ प्रदेश के कई जनपदों और राजस्थान में भी चोरी के तेल की बिक्री होती।
ये है मामला
मथुरा रिफाइनरी से जालंधर जा रही पाइप लाइन से तेल चोरी का मामला शुक्रवार को उस समय सामने आया जब पाइप लाइन में अचानक प्रेशर कम हुआ। रिफाइनरी के अफसर और पुलिस कांबिंग शुरू की तो थाना हाइवे क्षेत्र में एटीवी फैक्ट्री के पीछे से गुजर रही पाइप लाइन में वाल्व लगाकर टैंकर भरे जा रहे थे। पाइप लाइन से तेल चोरी करने के लिए काफी लंबी सुरंग बना रखी थी।
गिरफ्तार आरोपी पालीखेड़ा गांव के प्रधान सुजीत चौधरी के भी पेट्रोल पंप हैं। आगरा निवासी मनोज गोयल के सात पेट्रोल पंपों पर भी चोरी का तेल बेचा जाता था। कुल 17 लोगों का यह पूरा नेटवर्क है। तीन गिरफ्तार कर लिए गए हैं जबकि बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है। तेल चोरी में दो इंस्पेक्टर व दो एसआई व चार सिपाही की भूमिका भी शक के घेरे में हैं। रामहरी से हुई पूछताछ के बाद इनके खिलाफ जांच बैठा दी गई है।
-मोहित गुप्ता, एसएसपी मथुरा