थाना राया क्षेत्र में मांट रोड पर थैला लूटने के चक्कर में अपाचे बाइक सवार लुटेरों ने तेल कारोबारी और उनके मुनीम को गोली मार दी। वारदात करने के बाद बदमाश भाग गए। घटना के बाद से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों व्यापारी थाने पर अा हो गए और हंगामा किया। व्यापारी पर पूर्व में भी जानलेवा हमला हो चुका था। व्यापारियों ने घटना के विरोध में आज राया में बाजार बंद करने एलान कर दिया है।
राया के नागल रोड निवासी मोहन नारायण अग्रवाल स्वामी तेल मिल वालों की मांट रोड पर दुकान है। मोहन नारायण अग्रवाल अपने मुनीम पवन कुमार निवासी आयराखेड़ा के साथ गुरुवार की शाम साढ़े सात बजे तेल मिल से घर लौट रहे थे। मोहन नारायण अग्रवाल के हाथ में एक थैला था।
उनके घर के समीप ही पहले से घात लगाए अपाचे सवार बदमाश खड़े थे। बदमाशों ने थैला लूटने का प्रयास किया और विरोध होते देख तेल कारोबारी और उनके मुनीम को गोली मार दी। गोली की आवाज सुन कर लोग घटना स्थल की ओर दौड़ लिए। लोगों को आते देख बाइक सवार लुटेरे भाग निकले। व्यापारी और मुनीम के सीने और गर्दन में गोली लगी है।
सूचना पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन कुमार सर्राफ मंत्री चंद्रप्रकाश अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी मौके पर पहुंच गए और घायलों को मथुरा अस्पताल ले गए। हालत चिंताजनक होने पर आगरा रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें नोएडा ले गए। वारदात के बाद कारोबारी दुकान बंद कर थाने आ गए और हंगामा किया।
बताया गया कि लुटेरों को सूचना थी कि मोहन नारायण अग्रवाल मिल से मोटी रकम लेकर घर आ रहे हैं। सूचना पर राया पुलिस और एसपी देहात अजय कुमार, सीओ महावन अजय मौके पर पहुंच गए और निरीक्षण किया। हालांकि मोहन अग्रवाल से थैला लूटा गया या नहीं यह स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
पूर्व में भी किया था मोहन पर हमला
एक साल पूर्व में भी बदमाशों ने तेल मिल स्वामी मोहन नारायण पर हमला किया था। घटना के बाद रिपोर्ट थाना राया में दर्ज करा दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मोहन नारायण अग्रवाल पर अज्ञात बदमाशों ने मांट रोड पर गोली मार कर थैला छीनने का प्रयास किया था।
राया बंद का एलान
मोहन नाराणय अग्रवाल पर हमले के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस प्रशासन की उदासीनता को लेकर गुस्से में व्यापारियों ने बंद का एलान किया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन कुमार सर्राफ ने घटना के बाद बताया कि यह सब पुलिस प्रशासन की उदासीनता के चलते हो रहा है। जब पूर्व में व्यापारी के साथ घटना हुई थी तब से अब तक पुलिस ने कोई काम नहीं किया। फिर जान लेवा हमला हुआ है।
खुलासे को लगी दो टीम
राया में तेल कारोबारी और मुनीम को लूट के प्रयास में मारी गई गोली के बाद एसपी देहात अजय कुमार और सीओ महावन अजय कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद एसआई अमित और सीओ के नेतृत्व मेें दो टीम गठित कीं।