स्कूल से बच्चों को ला रही वैन से नगर पालिका की ट्रैक्टर ट्राली टकरा गई। हादसे में छह बच्चे और वैन चालक घायल है। एक बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है। हादसा मंगलवार की दोपहर एक बजे के करीब हुआ। मारुति नगर कालोनी स्थित सीएल शिशु शिक्षा निकेतन की स्कूल वैन से पानी गांव रोड पर कैलाश नगर कालोनी से निकलते ही नगर पालिका की कूड़ा ले जा रही ट्रैक्टर ट्राली टकरा गई। टक्कर से वैन पलट गई। चीखपुकार मच गई।
वहां से गुजर रहे कैलाश नगर कालोनी निवासी दीपू अग्रवाल और अन्य लोगाें ने वैन में से बच्चों और चालक को बाहर निकाला। वैन में तब 14 बच्चे थे। छह को अधिक चोटें आई थीं। घायल वैन चालक रामनगर कालोनी निवासी किशोर और छह बच्चों को सौ शैया संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर एश्वर्या (6) पुत्री लक्ष्मीनारायण निवासी कांशीराम आवासीय कालोनी को यहां से नयति अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर वैन को टक्कर मारता हुआ विद्युत खंभे से भी टकराया था। इससे खंभा भी क्षतिग्रस्त होकर एक ओर झुक गया।
ये हुए हैं घायल
-तन्नु (6) पुत्री राजू निवासी कांशीराम आवासीय कालोनी
-स्वाति (5) पुत्री धीरज निवासी पानीघाट कालोनी
-मयंक पुत्र पवन
-तुनी (04) पुत्री पंकज निवासी लोधी आश्रम परिक्रमा मार्ग
-आईशा (06) पुत्री इनुस निवासी कांशीराम आवासीय कालोनी
-एश्वर्या (5) पुत्री लक्ष्मी नारायण निवासी कांशीराम आवासीय कालोनी
-वैन चालक किशोर पुत्र अमृत लाल
दुर्घटना के बाद मची चीख पुकार
बच्चों के घर लौटने का इंतजार कर रहे माता-पिता दुर्घटना की सूचना पर सौ शैया अस्पताल पहुंच गए। यहां घायल बच्चों को सभी रोने लगे। एश्वर्या की मां मालती का तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीएमएस डा. मजूमदार, डा. पीयूष चौबे, डा. दिलीप, डा. एसके जैन ने बच्चों का उपचार किया। स्कूल के प्रबंधक चंद्रलाल शर्मा भी वहां पहुंच गए थे। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग
मंगलवार को स्कूली वैन और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर के बाद लोगों ने पानी गांव रोड और कैलाश नगर रोड़ पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। ग्राम प्रधान मुकेश सारस्वत ने बताया कि वह कई बार इस संबंध में मांग कर चुके हैं। मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनने से हादसों पर अंकुश लगेगा।