मथुरा-वृंदावन मार्ग पर सोमवार रात किसी वाहन की टक्कर में घायल हुए बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के मामा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में सौ शैया अस्पताल प्रशासन पर एंबुलेंस उपलब्ध न कराने का भी आरोप लगाया जा रहा है।
मथुरा के धौलीप्याऊ के चंद्रपुरी निवासी विपिन कुलश्रेष्ठ सोमवार रात रामनगर कालोनी निवासी अपने मामा वेदप्रकाश के घर से बाइक द्वारा मथुरा लौट रहे थे। पागल बाबा मंदिर के समीप पीछे से आ रहा कोई वाहन उनकी बाइक से टकरा गया। हादसे में विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें पास के सौ शैया संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर मथुरा के लिए रेफर कर दिया गया। देर रात विपिन की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया गया है कि विपिन काफी देर तक सौ शैया अस्पताल में पड़ा रहा, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं कराई। मौके पर पहुंची वृंदावन पुलिस अपने वाहन से घायल को नयति अस्पताल ले गई। कोतवाली प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि यदि समय होते एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी जाती तो शायद विपिन की जान नहीं जाती।