घटना के बाद पीड़ित के घर पर जुटी भीड़।
- फोटो : Amar Ujala
पडरौना नगर के ओंकार वाटिका कालोनी से मंगलवार की शाम को एक शादी समारोह में डीजे पर डांस के दौरान दो बच्चों का अपहरण कर लिया गया। करीब ढाई घंटे बाद बच्चे खंडहर हो चुके सेठ घनश्याम दास स्कूल (पुराने कलेक्ट्रेट के जर्जर भवन) में मिले। इन्हें अपहृत करने वाले युवक भी वहीं था। लोगों ने पिटाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। बच्चों के होंठ बुरी तरह से सूज गए हैं तथा चेहरे पर भी कई जगह गहरे जख्म दिख रहे हैं।
इस मुहल्ला निवासी मधुसूदन सिंह मंटू का चार वर्षीय पुत्र ऋषभ व पड़ोसी बबलू मद्घेशिया का पांच वर्षीय पुत्र अंश मंगलवार की शाम को घर के बगल में चल रहे एक शादी समारोह में डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक इन दोनों बच्चों को उठा ले गया। और लोगों की नजर तो उन पर नहीं पड़ी लेकिन घर की छत पर खड़ी अंश की मां ने युवक को देख लिया और दौड़ते हुए नीचे आई। तब तक युवक बच्चों को लेकर फरार हो चुका था। घर व मुहल्ले के लोगों ने बच्चों को खोजना शुरू किया। रात करीब साढ़े आठ बजे पुराने कलेक्ट्रेट की जर्जर बिल्डिंग की तरफ कुछ लोग गए तो बच्चों की आवाज सुनकर दौड़े।
कहा जा रहा है कि वहां अपहर्ता दोनों बच्चों को दबाए बैठा था। लोगों ने युवक की जमकर धुनाई की। तब तक 100 नंबर की गाड़ी भी वहां पहुंची और बच्चों तथा अपहर्ता को लेकर कोतवाली गई। कोतवाली से जख्मी बच्चों को तत्काल नगर अस्पताल भेजकर प्राथमिक उपचार कराया गया। बच्चों के साथ हुई हैवानियत देखकर लोग सन्न रह गए। घरवाले बच्चों को लेकर जिला अस्पताल गए हैं। कोतवाल रायसाहब यादव का कहना है कि पकड़ा गया युवक नशेड़ी लगता है। मामले की छानबीन की जा रही है।