रंगभरनी एकादशी पर शनिवार को वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गांव डांगोली के निकट दूसरे ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में दोनों ट्राली पलट गई। इनमें सवार 24 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। पांच लोगों की हालत गंभीर है।
मांट से पानीगांव होकर जा रहे मार्ग पर गांव डांगोली के निकट ओवरटेक के दौरान यह हादसा हुआ। इनमें एक ट्रैक्टर-ट्राली में नगला पाती से और दूसरी में मृताना से श्रद्धालु परिक्रमा के लिए जा रहे थे।
हादसे से ट्राली के नीचे दबने से श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से ट्राली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सीएचसी मांट भेज दिया गया।
हादसे में गौरव, सावित्री, राजवती, अरुण, शीला, संजय सिंह, राजवाला, अर्जुन, भूरी, चंपा, हरपाल, टिंकू, राधाचरण सभी निवासी गांव नगला पाती। मोहन देवी, सरोज, शिवदेवी, चंद्रपाल, राधे सभी निवासी गांव मिरताना।
राधा देवी निवासी गांव लोहई, दुलारी निवासी रामनगर, पुष्पेंद्र निवासी गांव जौनाई, आरती निवासी जटवारी, कविता निवासी चांदपुर सहित 24 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। पांच की हालत गंभीर देख उन्हें परिवारीजन मथुरा ले गए।