कोसीकलां में दवा कारोबारी के घर पर कार्रवाई के दौरान खडे़ टीम के सदस्य। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। नारकोटिक्स विभाग की टीम ने एक सप्ताह पूर्व पकड़े गए दवा कारोबारियों से पूछताछ के बाद मंगलवार को एक दवा कारोबारी के यहां छापा मारा। टीम ने घर, गोदाम एवं दुकान पर एक साथ कार्रवाई की। देर शाम तक टीम कार्रवाई में जुटी रही।
मंगलवार की देर शाम नारकोटिक्स विभाग दिल्ली की टीम ने एसपी विजय कुमार के नेतृत्व में जलकल कंपाउंड निवासी दवा कारोबारी विनोद कुमार के घर में स्थित घर, गोदाम तथा शेरगढ़ तिराहे पर स्थित दुकान पर छापा मारा। टीम ने यह कार्रवाई शाम को शुरू की। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी भी साथ थीं। जिनको उनके घर पर तैनात किया गया।
इस दौरान वहां किसी को भी आने-जाने नहीं दिया गया। टीम ने उनके मोबाइल, लैपटॉप एवं कुछ दस्तावेजों को भी कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने टीम की कार्रवाई से अनभिज्ञता जताई। बताते चलें कि इससे पूर्व नारकोटिक्स विभाग की टीम ने दो कारोबारियों के कब्जे से लाखों रुपये की प्रतिबंधित दवाएं पकड़ी थीं। जिन्हें टीम अदालत से रिमांड पर अपने साथ ले गई।
नहीं रुक रही प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री
कोसीकलां। नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई के बाद भी नगर में प्रतिबंधित दवाओं की ब्रिकी थमने का नाम नहीं ले रही है। टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के रूप में प्रयोग होने वाले कॉरेक्स समेत वन टेन, विलीयमटेल, नाइट्रोबैट टेबलेट का नगर में युवाओं में बड़ी तेजी से चलन है, जो कि आसानी से सभी मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध हैं।