स्व. मोहन पहलवान स्टेडियम में अशर प्रीमियर लीग 2016 के अंतर्गत यूसीआई और यूपीएन के मध्य फाइनल मैच खेला गया। इसमें यूसीआई ने छह विकेट से जीत हासिल कर टूर्नामेंट जीत लिया।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और पुरस्कार वितरण के लिए पूर्व वरिष्ठ आईएएस सुभाष चंद्रा, यूपी रणजी के कप्तान सुनील चतुर्वेदी और सऊदी अरब व कुवैत का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा।
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रगान के बाद यूपीएन ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 20 ओवर में 139 रन अर्जित किए। इसमें आकाश ने 52 रन का योगदान दिया। जवाब में यूसीआई ने महज 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से जीत दर्ज की। इसमें कप्तान संदीप का 42 रन का योगदान रहा।
मैन आफ द मैच एवं सीरीज संदीप रहे। मुख्य अतिथि पूर्व वरिष्ठ आईएएस सुभाष चंद्रा ने विजयी टीम को ट्राफी और मेडल प्रदान किए। सऊदी अरब व कुवैत के विदेशी मेहमान और जनप्रतिनिधि समीर अहमद, अनवर तुर्किस्तानी, सालेह अल हर्बी, बासिल अल खल्तम, रोशन क्रास्टा ने उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर यूपी रणजी के पूर्व कप्तान सुनील चतुर्वेदी, अशर ग्रुप के सीएमडी डॉ. वीके चतुर्वेदी, निदेशक मनोज पाठक, श्रेयश चतुर्वेदी ने विजयी खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी। संचालन जयकांत तिवारी ने किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चेतन मलिक, रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष भगत सिंह जादौन आदि उपस्थित रहे।