मथुरा। कोरोना महामारी ने 326 क्रिकेट खिलाड़ियों के भविष्य को अंधकारमय कर दिया है। फरवरी में ट्रायल के लिए आवेदन करने वाले नौ ग्रुप के यह खिलाड़ी बस अपने ट्रायल का इंतजार कर रहे हैं। इन्हें डर है कि ट्रायल नहीं हुए तो उनकी उम्र निकल जाएगी।
जनवरी और फरवरी में मथुरा के 326 क्रिकेट खिलाड़ियों ने आवेदन किए थे। ऑनलाइन पुरुष टीम के अंडर-14, 16, 19, 23 और रणजी के अलावा महिला टीम के लिए अंडर-16, 19, 23 और रणजी के लिए आवेदन किए गए। खास यह है पुरुष टीम के करीब 310 और महिला टीम की 16 खिलाड़ियों ने यह आवेदन किए। चार महीने गुजर गए, पर अभी तक इन खिलाड़ियों के ट्रायल के लिए यूपीसीए ने कोई तिथि निश्चित नहीं की है। ऐसा इसलिए कि अभी तक यूपीसीए को बीसीसीआई से कोई भी हरी झंडी नहीं मिल सकी है।
अब सवाल खड़ा होता है कि खिलाड़ी अपनी उम्र निकलने को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। मानकर चलें कि जिस खिलाड़ी ने अंडर-14 के लिए आवेदन किया। अगर अभी ट्रायल नहीं होते हैं तो उसकी उम्र निकल जाएगी। यह एक खिलाड़ी, नहीं बल्कि सभी खिलाड़ियों की यही चिंता है। प्रतिदिन यह खिलाड़ी जिला क्रिकेट संघ के सचिव कमल चावला से जानकारी जुटाते रहते हैं। कई बार तो खिलाड़ी सचिव से जल्द ट्रायल कराने की गुहार भी करते हैं।
यूपीसीए के आदेश का है इंतजार: चावला
326 खिलाड़ियों का ट्रायल के बाद अबतक चयन जनपद स्तर चयन हो जाता। इसके बाद मंडल और जोनल स्तरीय चयन होता। फिर कानपुर फाइनल ट्रायल होता है। इस पूरी प्रक्रिया को ढाई से तीन महीने लग जाते हैं। अब बस यूपीसीए के आदेश मिलते ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
-कमल चावला, सचिव जिला क्रिकेट संघ