तीर्थनगरी मथुरा के वृंदावन में भाजपा पार्षद से विवाद का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात हुए झगड़े में पार्षद के सिर में डंडा लगने से घायल हो गए। सिर पर चोट लगने के कारण वह लहूलुहान हो गए। घायल पार्षद ने कोतवाली में तहरीर देकर हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
वार्ड 66 से भाजपा पार्षद पंकज अरोड़ा गोपेश्वर मार्ग स्थित बड़ी कुंज में स्ट्रीट लाइट सही करवा रहे थे। इसी समय किसी बात को लेकर अजय उर्फ अज्जू पुत्र श्याम सारस्वत से कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो झगड़ा होने लगा। सूचना पर पार्षद के पुत्र शिवम और हर्ष भी वहां पहुंच गए। दोनों ओर से लाठी डंडे चलने लगे।
इस दौरान पार्षद पंकज अरोड़ा के सिर में चोट आई है। जबकि उनके पुत्र शिवम और हर्ष भी लहूलुहान हो गए। झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है। पार्षद पिता-पुत्र का चिकित्सीय परीक्षण कराया। सीओ सदर आकाश कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।