मथुरा। शनिवार की शाम चार और नए लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक व्यक्ति वृंदावन का भी शामिल है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी इन केसों को संक्रमितों की सूची में शामिल नहीं किया है। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या अभी 308 ही है।
सीएमओ कार्यालय से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक शहर की राधिका विहार कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली है। वहीं कोतवाली रोड पर एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वृंदावन की राम नगर कॉलोनी में भी कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से क्षेत्र में हड़कंप है। बलदेव के गांव बुखरोली में 51 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी संक्रमित लोगों को कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट कर आईसोलेट किया है। जबकि उनके परिजनों को कारंटीन किया गया है।
महिला की मौत के बाद क्षेत्र में सर्वे, 24 लोगों के लिए सैंपल
मथुरा। शहर के सदर स्थित बाढ़पुरा क्षेत्र निवासी 80 वर्षीय वृद्ध महिला की कोरोना संक्रमण से हुई मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब तक हीला हवाली कर रहा स्वास्थ्य विभाग महिला की मौत के बाद हरकत में आया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में घर-घर सर्वे का कार्य शुरु किया।
स्वास्थ्य विभाग की ने परिवार के लोगों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया है। वहीं विभागीय टीम ने क्षेत्रीय लोगों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया है। इस दौरान 24 अन्य लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं। लोगों का कहना है कि कोरोना से जब एक जान चली गई उसके बाद अधिकारियों की नींद टूटी है।