नौहझील/मथुरा। नौहझील के मिठ्ठौली गांव में कोरोना पॉजिटिव के तीन केस मिलने से गांव के साथ-साथ आसपास के इलाकों में दहशत है। पॉजिटिव तीनों युवक एक ही कंपनी में नौकरी करते थे। तीनों साथ में ही हर सुबह गांव से नोएडा जाते और शाम को गांव लौटते थे। इसी दौरान वह नोएडा में कब कोरोना संक्रमित हो गए, उन्हें पता ही नहीं चला।
तबियत बिगड़ने के बाद युवकों की नोएडा में जांच कराई गई। यहां से रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें संक्रमित होने की जानकारी हुई। युवक गांव के साथ आसपास के गांव भी गए। इनके संपर्क में लगभग 180 लोग आ चुके हैं। इन सभी में कोरोना का भय बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में सर्वे शुरू किया है। रविवार को 45 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
गांव मिठ्ठौली निवासी पहले युवक की 21 मई को नोएडा से आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी हुई अगले दिन उसका मित्र भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया, जबकि शनिवार की शाम तीसरा युवक भी कोरोना संक्रमित मिला है। लगातार कोरोना केस मिलने से गांव में दहशत है। युवकों की चेन लंबी होती दिख रही है।
ग्रामीणों के अनुसार युवक हर सुबह गांव से नोएडा जाते थे और शाम को आकर लोगों के बीच बैठते। बाजना के बाजार में भी कई लोगों से मिले। इनमें से एक युवक पिछले दिनों मांट रिश्तेदार के यहां भी गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाल रखा है। रविवार को संदिग्ध लक्षण मिलने पर 45 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. अरविंद का कहना है कि पॉजिटिव केस मिलने के बाद पूरी सतर्कता बरती जा रही है।