वृंदावन। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र केसीघाट फीडर के अंतर्गत खपाटिया घेरा क्षेत्र में अवैध विद्युत कनेक्शन हटाने पहुंचे विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों की तहरीर पर चार नामजद समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
विद्युत सब स्टेशन रंगजी का बगीचा से संबंधित संविदा कर्मी कुश पुत्र ताराचन्द्र ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि क्षेत्र में 16 एमएम की 6-7 अवैध केबिल पैनल में जोड़ दी गई हैं। वह अपने साथी राधारमण मंदिर घेरा निवासी प्रदीप मुखर्जी पुत्र वीएन मुखर्जी के साथ मौके पर पहुंचे थे।
जैसे ही दोनों कर्मचारी अवैध केबिल हटाने लगे तभी नारायण पुत्र कुंजी बोहरे, गिरधारी पुत्र नारायण, गणेश पुत्र नारायण, सूरज पुत्र नरेन्द्र समेत 5-6 अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर हमला कर मारपीट की और कथित तौर पर बंधक बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कर्मचारियों को छुड़ाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद