मथुरा। बारिश में दूषित जल एवं गंदगी से होने वाली बीमारी से बचाव के लिए नगर निगम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया है। इसके लिए निगम ने आठ टीमें गठित की हैं, जोकि सभी वार्डों में फॉगिंग, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एवं घर-घर जाकर क्लोरीन की दवाई वितरित करेंगी।
पूरे माह 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में 70 वार्डों में माइक्रो प्लान के अनुसार सफाई कार्य करने के साथ ही 70 हैंडकार्ड मशीनों से नाले-नालियों में एंटीलावा टेमीफॉस दवा का छिड़काव किया जा रहा है। यह छिड़का सात दिन के अंतराल में किया जाएगा। 15 पोर्टेबल फॉगिंग मशीन एवं वाहन माउंटेड तीन बड़ी फॉगिंग मशीन से फॉगिंग की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र की 76 पोखरों और आठ तालाबों में बीटीआई दवा का छिड़काव किया जाएगा।
घरों में दूषित पानी को पीने योग्य बनाने के लिए नगर निगम द्वारा मलिन बस्तियों में एक लाख क्लोरीन की गोलियां वितरित कराई जा रही हैं। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि बारिश में मौसमी बीमारी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।