मथुरा। वरिष्ठ कार्यालय सहायक की गिरफ्तारी के बाद जांच के लिए बीएसए कार्यालय पहुंची एंटी करप्शन लखनऊ की टीम शुक्रवार को बैरंग लौट गई। काफी खोजने पर अधिकारियों को बीएसए कार्यालय की चाबी नहीं मिली। टीम का नेतृत्व कर रहीं महिला अधिकारी ने नाराजगी भी जाहिर की।
वरिष्ठ सहायक ब्रजराज सिंह की गिरफ्तारी के बाद बीएसए कार्यालय लगातार चर्चा में बना है। बेसिक शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त छुट्टी पर हैं। उनके कार्यालय पर ताला लटका है। शुक्रवार को एंटी करप्शन लखनऊ की टीम बीएसए कार्यालय पहुंची तो कार्यालय में खलबली मच गई। टीम का नेतृत्व महिला अधिकारी कर रही थीं। उन्होंने प्रभारी बीएसए राकेश कुमार से बातचीत की। बीएसए कार्यालय का ताला खुलवाने लिए कहा। इसके बाद करीब 10 मिनट कर कार्यालय की चाबी खोजी गई, लेकिन चाबी नहीं मिली।
माना जा है कि टीम वरिष्ठ सहायक के रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के संबंध में पूछताछ करने के लिए कार्यालय पहुंची थी, लेकिन बीएसए कार्यालय की चाबी न मिलने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पाई। आपको बता दें एंटी करप्शन ने 19 जून को बीएसए कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक ब्रजराज सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। प्रभारी बीएसए राकेश कुमार ने टीम के आने की पुष्टि की। बताया कि एंटी करप्शन टीम की एक महिला अधिकारी कार्यालय आईं थीं। 10 मिनट रुकने के बाद वापस चली गईं।