कान्हा की नगरी वृंदावन में बिजली चोरी वाले उपभोक्ताओं को ओटीएस योजना में बड़ी छूट मिल रही है। उपभोक्ता कुल बकाया का 10 प्रतिशत जमा कर ओटीएस में पंजीयन कराकर 35 प्रतिशत राशि जमा करके केस का निस्तारण करा सकते हैं।
कान्हा की नगरी वृंदावन में विद्युत निगम अब एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ विद्युत बिल बकाएदारों के साथ-साथ बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं को भी देने जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं का बिजली का बिल बकाया है और बिजली चोरी का जुर्माना लगा है, उनको मात्र 35 प्रतिशत राशि जमा करने से उनके केसों का निस्तारण हो जाएगा।
विज्ञापन
विद्युत वितरण निगम के उच्चाधिकारियों की ओटीएस योजना को लेकर बीते दिनों आयोजित बैठक में निर्देश दिए गए थे कि इस योजना का लाभ विद्युत चोरी वाले उपभोक्ताओं को भी दिया जाए। योजना के तहत जिन उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी पकड़े जाने पर जुर्माना आरोपित किया गया है। उपभोक्ता कुल बकाया का 10 प्रतिशत जमा कर ओटीएस में पंजीयन कराकर 35 प्रतिशत राशि जमा करके केस का निस्तारण करा सकते हैं।
वृंदावन में ऐसे उपभोक्ताओं पर डेढ़ करोड़ रुपए का जुर्माना बकाया है। बिजली चोरी के मामले सीएफसी क्षेत्र, मथुरा दरवाजा, किशोरपुरा, पानीघाट, गोविंद टीला, गौरानगर से संबंधित हैं। इन क्षेत्रों में सर्वाधिक बिजली चोरी के मामले में सामने आए और उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगा है।
विद्युत निगम के एसडीओ संदीप वाष्र्णेय ने बताया कि बिजली चोरी मिलने पर जिन उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगा है वह पहले चरण में 8 से 30 नवंबर तक ओटीएस योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्हें कुल राशि में से 35 प्रतिशत ही जमा करनी होगी। ओटीएस के दूसरे चरण में उपभोक्ताओं को कम लाभ मिलेगा।