उत्तर प्रदेश के मथुरा में भाई को यम की फांस (अकाल मृत्यु) से बचाने के लिए हजारों बहनों ने मंगलवार को यम द्वितीया पर अपने भाई का हाथ थाम कर यमुना में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद यम-यमुना मंदिर में पूजन कर भाई की सलामती की कामना की। बुधवार को (आज) भी यम द्वितीया पर्व मनाया जाएगा।
नगर निगम ने यम द्वितीया पर्व के मद्देनजर विश्राम घाट सहित अन्य सभी घाटों पर सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं। घाटों पर बल्लियों के साथ बैरिकेडिंग कराई गई। सफाई के लिए दिनभर सफाईकर्मी जुटे रहे। महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अस्थाई व्यवस्था की गई। ताकि उन्हें असुविधा महसूस न हो। शाम को सभी घाटों पर सफाई के बेहतर इंतजाम कर दिए गए थे, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामान न करना पड़ा।
श्री माथुर चतुर्वेद परिषद ने विश्राम घाट पर सहायता शिविर लगाया। महामंत्री राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि परिषद ने मंगलवार को यमुना स्नान कर रहे लोगों की सहायता की। 45 से 50 लोगों को आपस में मिलवाया। बुधवार को भी यात्रियों व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिविर लगाया जाएगा। कोषाध्यक्ष कमल चतुर्वेदी, मंत्री अमित चतुर्वेदी, नीरज चतुर्वेदी, आशीष चतुर्वेदी, द्वारकेश चतुर्वेदी, सौरभ चतुर्वेदी, कान्हा चतुर्वेदी, ऋषभ चतुर्वेदी, शुभम चतुर्वेदी, अभय चतुर्वेदी ने सहयोग किया।