मथुरा में दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। वो कार से खेतों की ओर घूमने के लिए निकला था। बिजली का तार टूटकर कार पर गिर गया। कार में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उसे बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
मथुरा के थाना मांट क्षेत्र अंतर्गत मांट-राया मार्ग स्थित खेत पर कार लेकर आए युवक की कार के ऊपर बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार बाहर नहीं निकल पाया और जिंदा जलकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल की मदद से आग पर काबू पाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
शनिवार को कस्बा मांट राजा निवासी अंकित (25) पुत्र महेंद्र मांट-राया मार्ग पर स्थित अपने खेतों की तरफ घूमने आए थे। इसी दौरान कार के ऊपर गुजर रही बिजली की लाइन का तार टूटकर कार पर आ गया। तार गिरते ही कार में भीषण आग लग गई और उसमें सवार अंकित की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि कार सीएनजी होने कारण अचानक से आग लग गई थी और जब तक दमकल को बुलाया गया, तब तक कार में सवार जिंदा जल गया।
दहेज में मिली थी कार, टैक्सी चलाता था
मृतक के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि अंकित की शादी कुछ साल पहले हुई थी और यह कार उसे शादी में मिली थी। अंकित वृंदावन में टैक्सी चलाता था। हादसे के बाद परिवार सदमे में है।