तैयारियों का जायजा लेते अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा के बरसाना की लड्डू होली में सात मार्च को सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन की आहट और आठ मार्च की लठामार होली की तैयारियों का जमीनी सच जानने के लिए अफसर सोमवार को बरसाना पहुंचे। हेलीपैड से लेकर रोपवे के माध्यम से राधारानी मंदिर तक जाने के मार्ग की समीक्षा की। व्यवस्थाएं भी परखीं।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बैठक कर अफसरों से अब तक की तैयारियों की रिपोर्ट मांगी। अधिशासी अधिकारी से कहा कि बेहतर साफ सफाई सुनिश्चित करें। छुट्टा मवेशियों को पकड़ा जाए। मेला क्षेत्र में अधिकाधिक दिशा सूचक चिह्न लगाएं। तय हुआ कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की संयुक्त टीम पार्किंगों में गाड़ी खड़ी करवाएंगे।
मंडलायुक्त ने एमवीडीए के उपाध्यक्ष से कहा कि नगर पंचायत बरसाना का सहयोग करते हुए बेहतर सजावट की जाए। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की रूप रेखा के संबंध में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंडलायुक्त को अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पार्किंग और मंदिर में बैरिकेडिंग मजबूत बनाई जाएं।
सात जोन में बंटा मेला क्षेत्र, पुलिसकर्मियों को विनम्र व्यवहार की दी सीख
बरसाना का होली महोत्सव का मेला क्षेत्र 7 जोन व 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के विनम्रता के साथ व्यवहार रखेंगे। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि बरसाना में सेल्फी प्वाइंट, सांस्कृतिक मंच व साज सज्जा की जा रही है। बैठक के बाद सभी ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण भी किया।
राधारानी मंदिर जाकर सेवायतों से वार्ता की व व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। इसी क्रम में श्री राधा बिहार इंटर कॉलेज के मैदान में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित रंगोत्सव 2025 कार्यक्रम की तैयारियों का भी अफसरों ने अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, एमवीडीए के सचिव अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दुबे, पुलिस अधीक्षक यातायात मनोज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिगुण विशेन, सीएमओ डॉ. अजय वर्मा आदि मौजूद रहे।