कोसीकलां। कोसी प्रो-कबड्डी लीग-2026 के तहत 15वीं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बठैन गेट स्थित मैदान पर मंगलवार शाम खेला गया। शिवम फौजी अकादमी और भरतपुर एकेडमी की टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। इसमें शिवम फौजी अकादमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विवेक चौधरी ने टॉस उछालकर किया। मुकाबला शुरू होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। शुरुआती दौर से ही दोनों ओर से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। एक-एक अंक के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। भरतपुर एकेडमी के खिलाड़ियों ने कई मौकों पर शानदार रेड लगाकर बढ़त बनाने का प्रयास किया, वहीं शिवम फौजी अकादमी के डिफेंडरों ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए विरोधी टीम के रेडरों को रोकने में सफलता हासिल की। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच लगातार अंक आगे-पीछे होते रहे, जिससे दर्शकों की धड़कनें बढ़ी रहीं। प्रत्येक सफल रेड और टैकल पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
निर्णायक क्षणों में शिवम फौजी अकादमी के खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखते हुए अपनी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू किया। आक्रामक रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर टीम ने महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली। अंतिम सीटी बजते ही शिवम फौजी अकादमी के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टीम को 41 हजार रुपये भी प्रदान किए गए।