मथुरा। दो सप्ताह से वायु गुणवत्ता सूचकांक में उतार-चढ़ाव के साथ-साथ तापमान भी लुढ़क गया है। सड़कों पर लोग गर्म कपड़े पहने नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को अधिकतम 27 और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रहा।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय अधिकारी पंकज यादव ने बताया है कि मौसम शुष्क रहने से प्रदूषण स्तर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन के समय धूप निकलने के बाद रात में मौसम पूरी तरह से करवट बदल रहा है। ऐसे में दिन में वायु प्रदूषण हवा में मिलकर उड़ रहा है। रात के समय प्रदूषण की परत स्थिर हो जाती है। इसलिए दिन और रात में वायु गुणवत्ता सूचकांक घट-बढ़ रहा है। मौसम शुष्क से भी प्रदूषण स्तर पर अंतर पड़ता है। शुक्रवार को दिन में प्रदूषण स्तर 100 दर्ज किया गया, जबकि देर रात यह आंकड़ा 200 के करीब पहुंच गया।