कोसीकलां (मथुरा)। मैक्स पिकअप में गोवंश भरकर हरियाणा की ओर ले जा रहे गोतस्करों एवं ग्रामीणों की भिड़ंत हो गई। ग्रामीणों से घिरता देख तस्कर पिकअप को मौके पर छोड़ भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया। सूचना के काफी देर बाद पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने बमुश्किल ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने पिकअप से 9 गोवंश बरामद कर गोशाला भेज दिया।
मंगलवार को तड़के कोसी की ओर से एक मैक्स पिकअप में कुछ गोतस्कर गोवंश भरकर ले जा रहे थे। बठैनगेट चौकी, कोटवन चौकी पुलिस सहित हाईवे पर हो रही अन्य पुलिस चेकिंग को धता बता गोतस्कर पिकअप लेकर यूपी हरियाणा की सीमा पर स्थित गांव उमराला तक पहुंच गए।
ग्रामीणों ने जब इसकी जानकारी हुई तो मौके पर पहुंच गोतस्करों की गाड़ी को घेर लिया। ग्रामीणों से अपने आपको घिरा देख गोतस्कर गाड़ी छोड़ ग्रामीणों पर पथराव कर जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में ग्रामीणों ने भी पथराव किया लेकिन गोतस्कर भाग जाने में सफल रहे।
एक अन्य मामले में होडल के गोरक्षा दल कार्यकर्ताओं ने दो गाड़ियों में भरे करीब 30-35 गोवंश को राजमार्ग पर यूपी-हरियाणा पर गोतस्करों की भिड़ंत के बाद मुक्त कराया। तस्कर गाड़ियों को छोड़कर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।