वृंदावन। नगर निगम के वार्ड नंबर 50 के पार्षद शशांक शर्मा पर सफाईकर्मियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सफाईकर्मियों का कहना है कि पार्षद द्वारा उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया गया। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में सफाईकर्मी नगर निगम के जोनल कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।
सफाईकर्मियों ने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल को वार्ड में तैनात सफाई नायक राजू के साथ पार्षद द्वारा बदसलूकी की गई थी जिसकी शिकायत निगम अधिकारियों से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से वे नाराज हैं। शनिवार को भी सफाईकर्मी जोनल कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर पार्षद शशांक शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सफाई नायक राजू लगातार काम में लापरवाही कर रहे थे जिससे वार्ड में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। जब उन्हें सुधार के लिए कहा गया, तो वह झूठे आरोप लगाने लगे। फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और नगर निगम प्रशासन पर निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है।