मथुरा। शहर में बच्चों और युवाओं को भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से चमेली देवी खंडेलवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज में पांच दिवसीय कथा रंग कार्यशाला 5 से 9 मई तक होगी। पेट्रोनेट एलएनजी की सीएसआर पहल के तहत साईं शिंजिनी अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर सात वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों को बारीकियां सिखाएंगे।
देश के प्रतिष्ठित कलाकार बच्चों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे उन्हें उच्च स्तर की कला शिक्षा का अवसर मिलेगा। कार्यशाला का समापन 10 मई को डेंपियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा। सभी प्रतिभागी को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
कथक नृत्य की शिक्षा पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज की नातिन शिंजिनी कुलकर्णी द्वारा दी जाएगी। चित्रकला के क्षेत्र में संजीव गोगोई और शास्त्रीय संगीत में जुबैर हुसैन प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। अकादमी की अध्यक्ष अनीता कुलकर्णी और चित्रकार संजीब गोगोई ने बताया कि यह कार्यशाला निशुल्क है।