मांट (मथुरा)। सोमवार देर शाम थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत एक बोलेरो कार ने सड़क किनारे खड़े छह वर्षीय बालक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।
गांव जसौली अड्डा निवासी छह वर्षीय योगेश पुत्र चरण सिंह सड़क किनारे खड़ा हुआ था तभी राया की तरफ से आ रही बोलेरो कार ने बच्चे को रौंद दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक कार को छोड़कर मौके से भाग निकला। वहीं इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मांट राया मार्ग को जाम कर दिया।
हादसा होने और ग्रामीणों द्वारा जाम लगाने की सूचना पर थाना मांट सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने और अधिकारियों को बुलाने सहित सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगवाने, चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस के काफी समझाने के बाद करीब दो घंटे बाद राया-मांट मार्ग पर लगे जाम को खोला। खबर लिखे जाने तक थाना मांट में मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी। वही मांट थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।