मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के बाकलपुर इलाके की एक महिला को शादी का न्योता देने के बहाने उसके घर में घुसकर सोने की जंजीर की चपत लगाने वाला टप्पेबाज धरा गया है। हाईवे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि राजेश उर्फ पप्पी पुत्र मोहर सिंह निवासी ग्राम सूमपुरा, फरह की गिरफ्तारी नगला काशी के पास से हुई है। उससे चोरी का माल व अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया है। आशा पत्नी मुरारीलाल जाट निवासी वसुधा गार्डन, बाकलपुर ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह घर पर अकेली थी। तभी एक व्यक्ति शादी का कार्ड देने के बहाने से घर में आया। कहा, भाभी आपकी सोने की जंजीर अच्छी लग रही है। फोटो खींचकर बहन को भेजना है, जिससे कि वह भी इसी प्रकार की ले सके।
आशा के अनुसार उसने जंजीर उतारकर युवक को दे दी और खुद चाय बनाने चली गई। इसी दौरान युवक घर से फरार हो गया था। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर उमेशचंद्र त्रिपाठी, एसआई कपिल नागर, अमित आनंद, हेड कांस्टेबल मदन सिंह, प्रवीन शर्मा शामिल रहे।