जिला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में बच्चे की जांच करतीं चिकित्सक।
मथुरा। बदलते मौसम में लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को हो रही है। बच्चों को बुखार, जुकाम, खांसी और दस्त हो रहे हैं। जिला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में प्रतिदिन 270 से अधिक लोग बच्चाें को लेकर पहुंच रहे हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमर कुमार ने बताया कि बदलते मौसम में नवजात बच्चों का खास ख्याल रखने की जरूरत है। बच्चों को अच्छे से कपड़े पहनाकर रखें। कमरे में पंखा या एसी न चलाएं। पीने के लिए गुनगुना पानी दें और सही मात्रा में पानी पिलाते रहें। मौसमी फलों का प्रयोग करें। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड से बचाने का प्रयास करें।
उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। बच्चों को दिक्कत होने पर उनका समय पर ही उपचार कराएं। क्योंकि समय पर इलाज न होने से सर्दी, बुखार ही निमोनिया बन जाता है, जिससे बच्चे की हालत बिगड़ सकती है।