सौंख। बहन के घर भूसा लेकर जा रहे किसान की गाड़ी प्रदीप पेट्रोल पंप से चोरी हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैमरे में एक चोर गाड़ी को ले जाता दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने थाना मगोर्रा में तहरीर दी है।
थाना मगोर्रा के गांव नगला टूड़ा निवासी राजेंद्र रविवार को नगला छिंगा से मैक्स पिकप में भूसा भर कर लाया था। सौंख की प्रदीप पेट्रोल पंप पर गाड़ी खड़ी कर दी। अपने घर खाना खाने के लिए गया था। तभी देर रात चोर पंप पर खड़ी गाड़ी को ले गया। घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। सुबह चार बजे राजेंद्र गाड़ी को लेने के लिए पंप पर पहुंचा तो गाड़ी गायब मिली। पीड़ित की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
सीसीटीवी कैमरा देखा तो एक चोर गाड़ी को ले जाता दिखाई दे रहा था। चोर ने कुम्हेर रोड स्थित पंप पर मैक्स पिकअप में एक हजार रुपये का डीजल भरवाया। पीड़ित का कहना है कि गाड़ी चोरी होने की तहरीर दी है, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की है। थाना प्रभारी सुशील योगी ने बताया कि घटना कैमरे में कैद हुई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद