मथुरा। फरह थाना क्षेत्र स्थित महुअन टोल टैक्स पर मंगलवार की रात कार सवारों का टोल देने को लेकर टोलकर्मी से विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार टोल का बूम तोड़कर कर्मचारी को कार में डालकर ले गए। युवक को छोड़ने की एवज में 60 हजार रुपये की फिरौती भी मांगी। हालांकि जलेसर के पास हाईवे पर कर्मी को छोड़कर भाग गए। टोल प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर सूचना दी।
महुअन टोल संचालक जयपाल सिंह ने फरह थाने में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की रात 2 बजे के करीब एटा नंबर की कार सवार युवकों ने टोल देने के बजाय लेन नंबर 12 का बूम तोड दिया। लाइन पर मौजूद टोलकर्मी अमित कुमार ने रोकने की कोशिश की तो गाली-गलौज करके उसे अपनी गाड़ी में खींच कर ले गए। कुछ देर बाद अमित के ही फोन से टोल टैक्स ऑफिस के नंबर पर फोन करके 60 हजार रुपये की फिरौती मांगी।
सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि अपहरण जैसे कोई मामला नहीं था। टोलकर्मी और कार सवारों में आपसी विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद टोल संचालक ने अपनी तहरीर वापस ले ली।