फोटो 1: सौंख में हुई घटना में घायल युवक
सौंख। थाना मगोर्रा क्षेत्र में गोवर्धन रोड पर मंगलवार सुबह नौकरी की तैयारी के लिए दौड़ लगाकर रहे करीब 20 युवाओं में से 9 को एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी चालक कार को लेकर मौके से भाग गया। हालांकि टक्कर के दौरान कार की नंबर प्लेट मौके पर ही गिर गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा कस्बे के गोवर्धन रोड स्थित गांव तसिया के पास सुबह साढ़े पांच बजे हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तसिया के पास करीब 20 युवा रोजाना की तरह सुबह सड़क के किनारे दौड़ लगा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार (किआ कारेंस) ने 9 युवाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
थाना पुलिस आनन फानन मौके पर पहुंची। मौके पर बछगांव निवासी बीनू, टीटू, कन्हैया लाल, चिंटू, जगमोहन, सौरव, दीपक, कन्हैया सिंह और नगला रतू निवासी पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल पड़े थे। पुलिस और ग्रामीणों ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से टीटू और कन्हैया लाल को भरतपुर एवं पुष्पेंद्र को जयपुर के लिए रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर आजाद समाज पार्टी के नेता दीपक चौधरी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल चाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दौड़ लगा रहे युवाओं में अज्ञात कार ने पीछे से टक्कर मार दी है। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कार और चालक की तलाश की जा रही है।
फोटो 1: सौंख में हुई घटना में घायल युवक
फोटो 1: सौंख में हुई घटना में घायल युवक