मथुरा। जनपद को पुनः हरा-भरा बनाने के लिए आगामी 12 जुलाई को पौधरोपण महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि पेड़ लगाना ही नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। चलो वापस करें बृज की हरियाली और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जनपद में वर्षाकाल हेतु कुल 33,25,200 पौधों का संशोधित लक्ष्य रखा गया है, जिसमें वन विभाग 4,68,000 पौधे रोपेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल के मैदानों, अमृत सरोवरों, सड़कों के किनारे, एसटीपी प्लांटों, स्कूलों, कॉलेजों, यूनिवर्सिटियों, औद्योगिक क्षेत्रों, पार्कों, मंडी क्षेत्रों, अस्पतालों, नहर किनारे, परिक्रमा मार्ग, यमुना किनारे आदि में वृहद पौधरोपण किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने मियांवाकी पद्धति से लाड़ली वन विकसित करने के निर्देश दिए। इस महाअभियान की पारदर्शिता के लिए निर्वाचन की तर्ज पर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे हर साइट की पल-पल की मॉनिटरिंग होगी। साथ ही हरीतिमा अमृत वन ऐप से जियो-टैगिंग की जाएगी। बरगद, पीपल, नीम और जामुन जैसे छायादार व फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम न्यायिक वेद प्रिय आर्य, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, डीडीओ गरिमा खरे, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पांडेय, एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, एसडीएम मांट दीपिका मेहर, एसडीएम सदर आदेश कुमार, एसडीएम छाता वैभव गुप्ता, एसडीएम महावन ऊषा सिंह सहित सभी तहसीलदार व बीडीओ मौजूद रहे।