चौमुहां/मथुरा। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने शनिवार को चौमुंहा क्षेत्र का दौराकर जलभराव से प्रभावित फसलों का जायजा लिया। इस दौरान खेतों में जलभराव के कारण फसलें बर्बाद दिखीं, जिस पर मंत्री ने किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने एसडीएम वैभव गुप्ता को जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लेखपाल सत्येंद्र सिंह और कानूनगो हरीश चंद्र को मौके पर जाकर फसलों को हुए नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने धार्मिक आस्था से जुड़े ब्रह्माजी मंदिर के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। मंदिर के महंत बाबा धनीराम ने पटुका, फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। मंत्री ने मंदिर के चारों ओर चहारदीवारी और गेट का निर्माण कराने की बात कही। मनोज फौजदार, राजवीर सिंह आदि मौजूद थे।