वृंदावन। नगर निगम द्वारा परिक्रमा मार्ग में डाली गई रेत लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गयी है। इसके विरोध में ब्राह्मण महासभा ने परिक्रमा मार्ग में प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को महासभा के संस्थापक सुरेश चंद्र शर्मा एवं राधादामोदर मंदिर के सेवायत कनिका प्रसाद गोस्वामी ने कहा कि पक्के परिक्रमा मार्ग पर बालू डाली गई, लेकिन उसे व्यवस्थित नहीं किया गया और न ही पानी का छिड़काव किया। इस कारण बालू उड़कर लोगों के घरों व दुकानों में जा रही है। पैदल चलने वालों के लिए जो पथ बनाया है उसे अतिक्रमण मुक्त किया जाए एवं उस पर मिट्टी पड़वाई जाए। अध्यक्ष महेश भारद्वाज एवं अजय बिहारी शर्मा ने कहा कि रेत डालने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ब्रजवासी तीर्थ पुरोहित पंडा सभा के अध्यक्ष श्यामसुंदर गौतम एवं गोपाल शरण शर्मा ने कहा कि तेज हवा चलने पर वाहन चालकों की आखों में रेत जा रही है। इस अवसर पर सत्यभान शर्मा, विवेक गौतम, दामोदर चंद्र गोस्वामी, सुमनकांत पालीवाल, रविकांत गौतम, अनुराग गौतम, पूरन किशोर शर्मा, दीनदयाल गौतम, मोहन शर्मा, राजीव शर्मा, ओमी आदि उपस्थित रहे।