मथुरा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद हेमा मालिनी और राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए टीम गठित करने और बरेली एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर अवैध निर्माण, अतिक्रमण को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि एक्सप्रेस-वे पर अनाधिकृत कट को बंद कराएं और सर्विस लेन के कार्य को जल्दी पूरा करें। जैंत समेत चार स्थानों पर नए फ्लाईओवर निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सांसद हेमा मालिनी ने केंद्र व राज्य की जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। विद्युत निगम को निर्बाध आपूर्ति, फॉल्ट ठीक करने और गलत बिलों पर कार्रवाई के लिए कहा। अधिकमास के दौरान परिक्रमा मार्ग में विद्युत आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं पर जोर दिया। जल जीवन मिशन के कार्यों के नियमित निरीक्षण और जर्जर सड़कों की मरम्मत, कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता को निर्देश दिए।
एनएचएआई के अधिकारियों को हाईवे के किनारे नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत के लिए कहा। डीएफओ से दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों को कटवाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सांसद ने सखी अन्नपूर्णा किचन सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह, मांट विधायक राजेश चौधरी, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त जग प्रवेश, विद्युत निगम मुख्य अभियंता राजीव गर्ग आदि मौजूद रहे।
परिक्रमा मार्ग में करें बेहतर व्यवस्थाएं
डीएम ने सांसद को बताया बाढ़ प्रभावितों को राजस्व विभाग से करीब 19 करोड़ और बीमा कंपनी से 39 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। ओलों से प्रभावित करीब 65 हजार किसानों को 44 करोड़ रुपये की सहायता दी है। सांसद ने ब्रज 84 कोस परिक्रमा में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए शेड, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन, स्वास्थ्य टीम, पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरे जैसी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। जयसिंहपुरा बस स्टैंड के संचालन पर भी जोर दिया। कार्यों की शिलापट्टिका पर जनप्रतिनिधि का नाम अंकित करने के निर्देश दिए हैं।
चार फ्लाईओवरों का होगा निर्माण
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण स्थानों पर नए फ्लाईओवरों के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। यह फ्लाईओवर जैंत, राधापुरम, कोसी इंडस्ट्रियल एरिया और कोटवन में बनाए जाएंगे। इन चारों फ्लाईओवरों की टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।