मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र स्थित भरतपुर रेलवे ट्रैक पर बृहस्पतिवार की रात दो युवकों के शव मिले। एक युवक की पहचान तो पुलिस ने कर ली, लेकिन दूसरे की अभी तक पहचान नहीं हो पाई। पुलिस शिनाख्त के लिए शव को पोस्टमार्टम गृह पर रखवा दिया है।
सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात 11 बजे के करीब सूचना मिली कि भरतपुर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को एक युवक की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी राजकुमार (35) के रूप में हुई।
राजकुमार पिछले काफी समय से महाविद्या कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे और मजदूरी करते थे। शिनाख्त होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। जबकि दूसरे युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। युवक के दाहिने हाथ पर आरपीएस गुदा हुआ है। पुलिस युवक की शिनाख्त में जुटी है।