बाजना। बाजना विद्युत सब स्टेशन पर सोमवार सुबह आठ बजे आचानक मशीनों में जोरदार ब्लास्ट हो गया। इससे मशीनों में आग लग गई। सब स्टेशन पर तैनात एसएचओ को कुछ लोगों ने बाहर निकाला। वह बाल-बाल बच गया। सुबह इनकम फस्ट, इनकम सेकेंड, एस प्लांट फीडर तथा एक केपिस्टर मशीन में जोरदार ब्लास्ट हो गया। इससे सब स्टेशन में आग लग गई। ब्लास्ट की आवाज सुन सब स्टेशन के निकट रह रहे लोग मौके पर पहुंच गए।
आग का गुबार देख लोगों ने स्टेशन के अंदर फंसे एसएचओ मोहन सिंह निवासी जरैलिया को जैसे-तैसे बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे एसडीओ अक्षय राणा और बाजना चौकी प्रभारी ने दमकल को सूचना दी। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। एसडीओ अक्षय राणा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है तथा धमाका हुआ है। शीघ्र ही मशीनों को बदलवाया जा रहा है। मशीन बदलने के बाद सभी फीडरों के लिए विद्युत सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।