मांट (मथुरा)। मुरसान में महापंचायत करने जा रहे भाकियू कार्यकर्ताओं को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र में पिछले दिनों पुलिस ने दो युवकों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।
पुलिस का दावा था कि दोनों युवक एक व्यापारी के घर में लूट के उद्देश्य से घुसे थे। युवक किसान परिवार से थे। इससे किसान संगठनों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर तहसील प्रांगण में पंचायत कर तहसीलदार को ज्ञापन दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुरसान के बड़ा कलां गांव जाकर महापंचायत करने की घोषणा कर दी।
इस पर मौके पर मौजूद सीओ आशीष शर्मा व थाना प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह के साथ मौजूद सुरीर व नौहझील पुलिस ने सभी कार्यकताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय वरिष्ठ प्रचार मंत्री करुआ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, राजकुमार तोमर, बलदेव सिंह, छीतर सिंह, देवेंद्र सिंह, राकेश सिंह, योगेंद्र सिंह, राजवीर सिंह, गोवर्धन सिंह, घूरे सिंह, प्रेम सिंह आदि शामिल रहे। संवाद