भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन के संयोजक और उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा के प्रभारी दयाशंकर सिंह ने कहा कि ब्रज की धरती पर होने वाला अधिवेशन सबसे अलग होगा। अधिवेशन परिसर को दीनदयाल नगर का नाम दिया गया है। पूरे परिसर को 23 नगरों में बांटा है, जिनके नाम भी महापुरुषों के नाम पर होंगे।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के अराजक और युवा विरोधी शासन के विरुद्ध शंखनाद होगा। यहां से तैयार युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
उन्होंने बताया कि अधिवेशन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, धर्मेंद्र प्रधान आदि नेताओं के आने की संभावना है। इस अवसर पर राजेश पिंटू, संजय प्रताप सिंह, केके चौधरी, विनोद शर्मा, हेमंत अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
बुधवार शाम को वृंदावन पहुंचे भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भोजन, आवास, परिसर, पेयजल, पार्किंग, मीडिया आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर हो रहा यह अधिवेशन राष्ट्रभक्त युवाओं का निर्माण करेगा।
आज की परिस्थिति में स्वाभिमानी युवाओं का निर्माण समय की मांग है। भाजयुमो के माध्यम से यह आवश्यकता पूरी होगी। इस मौके पर पुरुषोत्तम खंडेलवाल, दयाशंकर सिंह, राहुल कोठारी, डा. डीपी गोयल, सार्थक चतुर्वेदी, हेमन्त अग्रवाल, सत्यपाल चौधरी, प्रदीप गोस्वामी, रवि माहेश्वरी, मुकेश खंडेलवाल, गंभीर गुर्जर, चेतन मलिक, तरुण सेठ, डाक्टर देवेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।