'छूटे हुए मतदाताओं के नाम वापस जुड़वाओ'
बैठक में एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र मतदाताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और बूथ स्तर पर छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की। पार्टी के जिम्मेदार कार्यकर्ता बूथों पर पहुंचकर पात्र लोगों की पहचान करेंगे और उन्हें मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में मदद करेंगे।
1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में दावा किया था कि एसआईआर के बाद प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हट गए हैं। एसआईआर से पहले प्रदेश में 15.44 करोड़ मतदाता थे, जबकि अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 13.39 करोड़ रह गई। यही कारण है कि योजना बैठक में पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर पर अभियान चलाकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 से 25 हजार पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने का लक्ष्य रखा है।
21 नवंबर से लगेंगे विशेष शिविर
निर्वाचन आयोग की ओर से 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। सुबह 10 से शाम चार बजे तक इन केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। इन शिविरों में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के आवेदन लिए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।