यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक मथुरा के फरह स्थित परखम में आयोजित हो रही है। बैठक में करीब 50 वरिष्ठ नेता संगठन की कमजोरियों, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और बूथ प्रबंधन की समीक्षा कर चुनावी रणनीति तैयार करेंगे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
विधानसभा चुनाव-2027 में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ भाजपा सोमवार से श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा के परखम में दो दिवसीय चिंतन बैठक करने जा रही है। फरह के पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में होने वाले इस महामंथन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 50 दिग्गज शामिल होंगे।
विज्ञापन
Trending Videos
बैठक में चुनावी रणनीति के साथ संगठन की कमजोरियों, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और बूथ प्रबंधन की समीक्षा होगी। पार्टी का मकसद चुनाव से पहले प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में अपनी तैयारियों को व्यवस्थित करना है। इस बार भाजपा ने दूसरे राज्यों के अनुभवी संगठन नेताओं को भी उत्तर प्रदेश की चुनावी जिम्मेदारी देने की योजना बनाई है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, झारखंड और महाराष्ट्र के संगठन पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। ये नेता क्षेत्रवार संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ प्रबंधन की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
चिंतन बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी की मौजूदगी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे।
हालिया विधान परिषद चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं होने के बाद संगठन की कमजोरियों को लेकर भी चर्चा होगी। कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने, निष्क्रिय पदाधिकारियों को सक्रिय करने, बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान नाम जुड़वाने के अभियान की समीक्षा प्रमुख विषय रहेंगे। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी मंथन होगा।
मांट विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने बताया कि बैठक सोमवार दोपहर एक बजे शुरू होगी और मंगलवार को समाप्त होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतिम दिन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की योजना और रणनीति बनाने के लिए ही चिंतन बैठक आयोजित की गई है।