राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए सितंबर 1990 में लालकृष्ण आडवाणी द्वारा राम जन्मभूमि के लिए निकाली गई। रथयात्रा ने ब्रज को भाजपा के सूत्र में पिरो दिया था। तब से भाजपा छह बार लोकसभा चुनाव में यहां जीत दर्ज कर चुकी है। इस बार फिर दो बार से भाजपा सांसद हेमा मालिनी पर ही पार्टी ने भरोसा जताया है।
राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान मौके की इस नजाकत को भांपते हुए भाजपा ने साक्षी महाराज को टिकट दिया था। उन्होंने जनता दल से खड़े हुए लक्ष्मीनारायण चौधरी को 15512 वोटों से शिकस्त दी थी। इसके बाद 1996 में तेजवीर सिंह ने भाजपा तले 64572 वोटों से इस बार कांग्रेस की टिकट पर खड़े हुए लक्ष्मी नारायण चौधरी को हराया। 1998 में तेजवीर सिंह फिर से जीते, इस बार बीएसपी से खड़े हुए पूरन प्रकाश को 1.90 लाख वोटों से हारना पड़ा।
1999 में तेजवीर सिंह तीसरी बार भाजपा से जीते, इस बार रालोद के रामेश्वर सिंह को सवा लाख से अधिक वोटों से हराया। 2004 में मथुरा लोकसभा पर कांग्रेस के मानवेंद्र सिंह का कब्जा हुआ। फिर 2009 में रालोद के जयंत चौधरी ने यहां जीत दर्ज की। मगर, भाजपा ने 2014 में फिर से राम के नाम पर चुनाव लड़ा और मथुरा से हेमा मालिनी जीतीं। 2019 में भी जीत का सिलसिला जारी रही। अब 2024 का परिणाम भविष्य के गर्भ में छिपा है।
मथुरा लोकसभा पर जातीय समीकरण
मथुरा लोकसभा सीट पर करीब 19.23 लाख मतदाता हैं। इनमें करीब साढ़े तीन लाख जाट, ब्राह्मण-ठाकुर तीन लाख के करीब, एससी करीब डेढ़ लाख, मुस्लिम करीब सवा लाख, वैश्य करीब डेढ़ लाख, यादव मतदाता करीब 70 हजार के आस-पास। जबकि अन्य जातियों के करीब चार लाख वोटर हैं।
बसपा-सपा का नहीं खुला खाता
मथुरा लोकसभा सीट का वर्ष 1957 से रिकॉर्ड देखें तो अब तक भाजपा ने अकेले लड़ते हुए छह बार जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस ने 4 बार जीत हासिल की है। सपा और बसपा का इस सीट पर अभी तक खाता भी नहीं खुला है।
कब कौन जीता...
- 1957 से 2019 तक के लोकसभा चुनाव विजेता
- 1957 में राजा महेंद्र प्रताप सिंह निर्दलीय चुनाव जीते। अटल बिहारी वाजपेयी की जमानत जब्त हो गई थी।
- 1962 में कांग्रेस के चौधरी दिगंबर सिंह जीते
- 1967 में जीएसएसएबी सिंह निर्दलीय चुनाव जीते
- 1971 में कांग्रेस से चक्रेश्वर सिंह जीते
- 1977 में बीएलडी से मणीराम जीते
- 1980 में जेएनपी (एस) चौधरी दिगंबर सिंह से जीते
- 1984 में कांग्रेस से मानवेंद्र सिंह जीते
- 1989 में जनता दल से मानवेंद्र सिंह जीते
- 1991 में भाजपा से साक्षी महाराज जीते
- 1996 में भाजपा से तेजवीर सिंह जीते
- 1998 में भाजपा से तेजवीर सिंह जीते
- 1999 में भाजपा से तेजवीर सिंह जीते
- 2004 में कांग्रेस से मानवेंद्र सिंह जीते
- 2009 में रालोद-भाजपा गठबंधन से जयंत चौधरी जीते
- 2014 में भाजपा से हेमा मालिनी जीतीं
- 2019 में भाजपा से हेमा मालिनी जीतीं