मथुरा। बांकेबिहारी के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु।
- फोटो : mathura
वृंदावन (मथुरा)। बरसाना में रंगोत्सव मनाकर लौटे श्रद्धालु बड़ी संख्या में बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे जिससे मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ के दबाव के बीच तीन श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई, जबकि एक श्रद्धालु परिक्रमा मार्ग में कांच चुभने से घायल हो गया।
प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलिंग की व्यवस्था की थी लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि पुलिस और प्रशासन की कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। धक्का-मुक्की के बीच श्रद्धालु जैसे-तैसे दर्शन कर पाए। भीड़ के दबाव में कई लोग लड़खड़ा गए जिससे महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्यापीठ चौराहे, अटल्ला चुंगी, चुंगी चौराहा और सुनरख मार्ग पर शाम को काफी देर तक जाम रहा।
इस दौरान भीड़ के दबाव में दिल्ली निवासी पूर्णिमा पत्नी धर्मेंद्र घबराने लगीं और चक्कर खाकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। सिलीगुड़ी निवासी शक्ति देय पत्नी एके देय और मांट निवासी भूपेंद्र पुत्र राजेंद्र पाल भी भीड़ में फंसकर असहज महसूस करने लगे। जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इधर, परिक्रमा मार्ग पर पटियाला निवासी दीपक पुत्र राजेंद्र के पैर में कांच का टुकड़ा चुभ गया, जिससे खून बहने लगा। घायल युवक को मंदिर परिसर में मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया।