नौहझील। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक नौहझील के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को सरगर्मियां रहीं। भाजपा- लोकदल गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी चौधरी भगवती प्रसाद सिंह ने समर्थकों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
बृहस्पतिवार को नामांकन का समय समाप्त होने तक केवल चौधरी भगवती प्रसाद सिंह का ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ, जिससे उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय हो गया है। भगवती प्रसाद बाजना रोड स्थित अपने आवास से समर्थकों के हुजूम और ढोल-नगाड़ों की थाप पर पैदल ही नामांकन स्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी प्रांगण स्थित मीटिंग हॉल में निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह और उप निर्वाचन अधिकारी जज साहब को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल चौधरी भगवती प्रसाद सिंह का ही नामांकन प्राप्त हुआ है। गौरतलब है कि चौधरी भगवती प्रसाद सिंह का बैंक पर पिछले तीन दशकों से दबदबा है। वह वर्ष 1997 से बैंक के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। शुक्रवार 22 मई को नामांकन पत्रों की जांच, 25 मई को नाम वापसी और 29 मई को मतदान से पहले ही उनकी निर्विरोध जीत की घोषणा कर दी जाएगी। नामांकन के दौरान योगेंद्र वर्मा, पृथ्वी सिंह, महेश सिंह, गुलवीर, हरवीर सिंह, ऋषिपाल, रामचंद निषाद, सतपाल प्रधान, रामसिंह सरपंच, ज्योति सरपंच, दर्याब सिंह, जयपाल सिंह, मनीष जिंदल आदि मौजूद रहे।