मथुरा। जवाहर बाग का निरीक्षण करते ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, साथ हैं महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु
- फोटो : MATHURA
मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार रात मथुरा-वृंदावन में चल रहे मूलभूत सुविधाओं के कार्यों और सौंदर्यीकरण कार्यों का संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। ऊर्जा मंत्री ने तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृष्णा नगर में सरला देवी स्कूल के नजदीक स्वच्छता संबंधी कार्यों को पूरा करने और वहां एक पार्क विकसित करने के आदेश नगर निगम को दिए। रविवार सुबह जवाहरबाग का निरीक्षण कर बोले, जनपद के लोगों के लिए ऐतिहासिक स्थल होगा।
वृंदावन में सबसे पहले ठाकुर जी की देहरी पर माथा टेका। उसके बाद ठाकुर श्रीबांके बिहारी जी के मंदिर के नजदीक कुंज गलियों में चल रहे विकास कार्यों का ऊर्जा मंत्री ने निरीक्षण किया। जिन गलियों में अंडरग्राउंड वर्क पूरा हो गया है, वहां टायलिंग का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ करने के एमवीडीए को निर्देश दिए। विश्व बैंक की प्रो-पुअर पर्यटन योजना के तहत 22 कुंज गलियों में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए चल रहे कार्यों को ऊर्जा मंत्री ने जल्द पूरा करने के लिए कहा। साथ ही इन गलियों से जुड़ने वाले प्रमुख रास्तों टटिया स्थान से विद्यापीठ, अनाज मंडी से धनीराम चौराहे होते हुए गलियों की ओर आ रहे मार्ग में आरसीसी सड़क, अंडरग्राउंड केबलिंग व स्ट्रीट लाइट का काम पूरा करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इन 22 गलियों के साथ ही राज्य स्मार्ट सिटी योजनांतर्गत वृंदावन की 23 अन्य गलियों में अंडरग्राउंड केबलिंग, पेयजल, सीवर, टॉयलेट के निर्माण से श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुविधायुक्त माहौल दिया जाएगा। उन्होंने वृंदावन में विद्यापीठ चौराहे पर ड्रेनेज सिस्टम ठीक कर जलभराव खत्म करने के निर्देश दिए। मथुरा में अग्रसेन चौराहे के नजदीक सड़कों की रिपेयरिंग करने के जल निगम को आदेश दिए।
रविवार सुबह ऊर्जा मंत्री ने राजकीय उद्यान जवाहर बाग का निरीक्षण और पौधरोपण किया। इसके बाद उद्यान को प्रमुख पर्यटन स्थल और फिटनेस स्पॉट के रूप में विकसित करने के चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने के आदेश दिए। जवाहरबाग में जल संरक्षण के लिए वाटर हार्वेस्टिंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।