मथुरा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में वाहन की फिटनेस व अन्य कार्यों से संबंधित लंबित पत्रावली अब जल्द ही निस्तारित हो सकेंगी। इसके लिए एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह ने अवकाश पर गए सहायक संभागीय निरीक्षक प्राविधिक का कार्यभार दूसरे अधिकारी को दे दिया है। उन्होंने तत्काल सभी वाहनों की पत्रावली निस्तारित करने के आदेश दिए हैं।
एआरटीओ कार्यालय से वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट व अन्य कई अभिलेख जारी होते हैं। इसके लिए सहायक संभागीय निरीक्षक प्राविधिक द्वारा वाहन का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट दी जाती है। बीते कुछ दिनों से संभागीय निरीक्षक प्राविधिक प्रदीप कुमार यादव के अवकाश पर जाने के चलते पत्रावलियां लंबित हो रही थीं। इससे वाहन स्वामी को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसी को देखते हुए एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह ने प्रदीप कुमार यादव का कार्यभार संभागीय निरीक्षक प्राविधिक नरेश कुमार को देने के आदेश दिए हैं।
वे नए और पुराने दोनों प्रकार के वाहनों से जुड़ी समस्त पत्रावलियों का निस्तारण करेंगे। इससे अब जल्द ही लंबित पत्रावली निस्तारित होने की उम्मीद जगी है।
-