टेंपो स्टैंड पर लगवाई गईं लोहे की गार्डर।
- फोटो : टेंपो स्टैंड पर लगवाई गईं लोहे की गार्डर।
राधाकुंड। नगर पंचायत अध्यक्ष रामफल ने बताया कि कस्बे व परिक्रमा मार्ग को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कड़े निर्णय लिए गए हैं। राधाकुंड में ई-रिक्शा व चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कस्बे में टेंपो स्टैंड, जवाहर चौक, राधा रानी परिक्रमा मार्ग पर लोहे की गर्डर लगाकर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत ई-रिक्शा और बाहरी चार पहिया वाहन 100 फुटा, गौरा धाम मार्ग से होकर निकलेंगे। नगर वासियों को अपने चार पहिया वाहन कस्बे में ले जाने के लिए आधार कार्ड दिखाना होगा। राधाकुंड धार्मिक क्षेत्र होने के कारण रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु राधा रानी के दर्शन, परिक्रमा व स्नान करने के लिए आते हैं। ई-रिक्शा के कारण कस्बे की सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था।